あらすじ
इंसानी ज़िंदगी बचपन, जवानी और बुढ़ापे का सफ़र तय करते हुए दुःखों-सुखों के अनगिनत मुकामों से गुज़रती हुई लगातार अपने अंत की ओर बढ़ती रहती है। हर व्यक्ति को जीवन में विभिन्न आशाओं, निराशाओं और समस्याओं का सामना करता पड़ता है। मेरी ज़िंदगी में भी अनेक प्रकार की घटनाएं घटी हैं जिन्होंने मुझे समय-समय पर कई सुखद व दुखद अहसास प्रदान किए हैं जिन्हें मैं 1993 से लगातार साहित्य के माध्यम से प्रस्तुत करने की कोशिश करता रहा हूं। पंजाबी, हिंदी तथा उर्दू भाषा के माध्यम से हज़ारों काव्य और गद रचनाएं लिखी गईं जो अलग-अलग अख़बारों, रसालों और क़िताबों में प्रकाशित होती रही हैं। कुछ अल्हड़ उम्र में लिखी हुई रचनाएं भी मामूली संशोधन के उपरांत ‘अहसास’ में प्रस्तुत की जा रही हैं। संशोधन इस प्रकार किया गया है कि रचनाओं की मूल आत्मा कहीं मर ना जाए। कुछ अनछपी रचनाएं भी इस गुलदस्ते का हिस्सा बनी हैं। पाठकों की सहूलियत के लिए रचनाओं के नीचे फुट नोट के रूप में कठिन शब्दों के अर्थ भी प्रदान किए गए हैं ताकि रचना का भाव समझने में आसानी हो। आदरणीय पाठकों से आग्रह है कि वह ‘अहसास’ को संजीदगी से पढ़कर अपने बेश्कीमती सुझाव मुझे ज़रूर भेजने की कृपा करें।