あらすじ
ज़िन्दगी जब खाली पन्नों की तरह बेरंग और बेमतलब लगने लगी, तो कलम को साथी बनाकर लिखना शुरू किया मैंने। हर एहसास को, हर जज़्बे को, हर आँसू को, हर मुस्कराहट को लफ़्ज़ों में पिरो दिया मैंने। लिखने का सिलसिला करीब सात बरस पहले शुरू हुआ। अमेरिका में एक प्रवासी की ज़िन्दगी जीते हुए, एक माँ और बीवी की भूमिका निभाते हुए कहीं अपने अस्तित्व को किसी कोने में रख दिया था मैंने। सब कुछ अच्छा था मगर शायद मैं खुद से जुदा थी। मानो अपने अतीत को याद करने से डर रही थी। एक अनजाने शहर में, अजनबी से देश में, बस वहीं की होकर रहने लगी थी। बोलचाल और पहनावा सब अंग्रेजी था पर जब लिखने को कलम उठाई तो सिर्फ हिंदी/उर्दू के शब्द उमड़कर बाहर आये। तुम पहनावा बदल सकते हो पर अपनी संस्कृति में लिपटे हुए जज़्बात नहीं। यह किताब उन लोगों के लिए है, जो सोचते तो हिंदी में हैं मगर बोलते ज़्यादा अंग्रेजी में हैं। तीस साल से अमरीका में रहकर मेरी कैफियत भी कुछ ऐसी हो गयी है। अपनी ज़ुबान को टुकड़ों में सहेज के रखा है। मेरे शब्द बहुत ही सीधे और सरल हैं। मेरा लेखन आपको शायद कच्चा लगे पर आशा करती हूँ कि इनमें छुपे अहसासात आपको पक्के लगेंगे। मेरे शब्द आपको महका दें, या थोड़ा झुँझला दें, पर उम्मीद करती हूँ के आप इनको अपने दिल में कहीं छोटी सी जगह देंगे। आप इस किताब में तनहाई, मोहब्बत, जुदाई, प्रवासी होने का दर्द, नारी शक्ति, अस्तित्व की खोज, प्रकृति, रूढ़िवादी सोच और अन्य विषयों पर कवितायें पढ़ पाएंगे। मैं तमाम दोस्तों को और परिवार वालों का दिल से शुक्रिया अदा करना चाहती हूँ जिन्होंने मेरे सरल से शब्दों को सराहा और मुझे लिखते रहने की हिम्मत प्रदान की। मेरे पति नोएल यूहन्ना के प्यार और सहयोग के बिना यह संग्रह नामुमकिन था। लिखने की कला मुझे अपनी माँ श्रीमती बिमला राठौर से विरासत में मिली है। उसके लिए मैं हमेशा उनकी आभारी रहूंगी। ढेरों प्यार के साथ नमृता राठौर यूहन्ना email : namritay910@gmail.com Facebook @Namrita Yuhanna Instagram @Namrita Yuhanna Radio program page Facebook @Dil ki Awaaz on Bolly 92.3FM