सड़क दुर्घटनाएँ मानव जीवन के लिए गम्भीर खतरा हैं । सड़क दुर्घटनाओं के कारण घायलों और मौतों की संख्या में निरन्तर वृद्धि हो रही है । भारत में प्रति मिनट एक सड़क दुर्घटना होती है और प्रति चार मिनट में सड़क दुर्घटना के कारण एक मौत होती है । ये दुर्घटनाएँ अर्थव्यवस्था, सार्वजनिक स्वास्थ्य और लोगों के सामान्य कल्याण पर नकारात्मक प्रभाव डालती हैं । सड़क दुर्घटनाएँ मानवीय त्रासदी हैं जिनमें असामयिक मृत्यु, चोटें और उत्पादकता की हानि आदि के रूप में जबरदस्त मानवीय पीड़ा शामिल है । सड़क दुर्घटनाओं के कारण सड़क पर चलने वाला हर व्यक्ति स्वयं को असुरक्षित महसूस करने लगा है ।